मंडावर/जिला बिजनौर - पति - पत्नी के बीच हुए विवाद ने लिया खौफनाक रूप, दोनो ने खाया जहर, हालत गंभीर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, दिसंबर 18, 2025

मंडावर/जिला बिजनौर - पति - पत्नी के बीच हुए विवाद ने लिया खौफनाक रूप, दोनो ने खाया जहर, हालत गंभीर

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के मण्डावर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शहबाजपुर गांव में एक दंपति ने आपसी विवाद के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में बिजनौर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। 


उक्त घटना आज गुरुवार दोपहर उस समय की है जब गांव निवासी कंचन और उसकी पत्नी मोनिका अपने मुर्गी फार्म पर गए थे। बताया जा रहा है कि वहाँ दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कंचन ने जहरीला पदार्थ गटक लिया। वहाँ मौजूद ग्रामीणों ने कंचन की हालत बिगड़ते देख उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच पति को तड़पता देख पत्नी मोनिका ने भी बचा हुआ जहरीला पदार्थ खा लिया। एक साथ दंपति द्वारा उठाए गए इस कदम से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणो व परिजनो ने आनन फानन मे पति पत्नी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया।


ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, कंचन और मोनिका के बीच पिछले काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। मोनिका के भाई ने अस्पताल पहुँचकर बताया कि विवाद की मुख्य जड़ मोनिका की नौकरी थी। मोनिका नौकरी करना चाहती थी, लेकिन पति कंचन इसके पक्ष में नहीं थे। इसी बात को लेकर अक्सर घर में झगड़े होते रहते थे। हालांकि, परिवार में किसी भी तरह की आर्थिक तंगी की बात सामने नहीं आई है; कंचन खेती-बाड़ी के साथ-साथ अपना मुर्गी फार्म भी चलाते हैं। इस आत्मघाती कदम के बाद दंपति के दो मासूम बच्चों एक 9 साल की बेटी और 6 साल के बेटे का बुरा हाल है। माता-पिता के अस्पताल में होने के कारण बच्चे डरे और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी सी बात पर इस तरह का कदम उठाना पूरे परिवार के लिए भारी पड़ गया है।


सीओ सिटी संग्राम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि  "पति-पत्नी द्वारा जहरीले पदार्थ के सेवन की सूचना मिली है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इसे आत्महत्या के प्रयास के एंगल से देखा जा रहा है। बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।" अस्पताल में डॉक्टरों की टीम दोनों की जान बचाने में जुटी है, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या