मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - भाजपा नेता के घर के बाहर धरने पर बैठी प्रेमिका ने लगाए गंभीर आरोप, बोली कई वर्षो तक किया मेरा शारीरिक शोषण - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, फ़रवरी 16, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - भाजपा नेता के घर के बाहर धरने पर बैठी प्रेमिका ने लगाए गंभीर आरोप, बोली कई वर्षो तक किया मेरा शारीरिक शोषण

www.newsindia17.com
इमेज - कथित प्रेमिका व भाजपा नेता 
पीतल नगरी के नाम से मशहूर मुरादाबाद के राजनीतिक गलियारों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक  रसूखदार भाजपा नेता पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए एक युवती उनके घर के दरवाजे पर धरना देकर बैठ गयी। रात की ओस गिरने तक युवती नेताजी की चौखट पर डटी रही, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। धरना दे रही युवती का आरोप है कि भाजपा नेता ने शादी का वादा कर वर्षो तक उसका शारीरिक शोषण किया। अब शादी का समय आने पर नेताजी कथित तौर पर कहीं और रिश्ता तय कर चुके हैं और गुपचुप तरीके से शादी रचाने की तैयारी में हैं।

मीडिया के कैमरों के सामने सिसकते हुए युवती ने दो-टूक कहा कि भाजपा नेता ने वर्षो तक मेरा इस्तेमाल किया और अब किसी और का हाथ थामने जा रहा है। मैं यह अन्याय नहीं होने दूंगी। वह मुझे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करे, या फिर मुझे जान से मार दे। मैं यहाँ से उसकी लाश पर उठूँगी या अपनी।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब युवती ने भाजपा के कुछ बड़े चेहरों पर भी इस विवाद को दबाने का आरोप लगाया। युवती का दावा है कि उसने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बीच-बचाव किया था। युवती का आरोप है कि इन दिग्गज नेताओं ने भाजपा नेता से उसकी शादी कराने का आश्वासन दिया था और इस भरोसे पर उसने अपनी शिकायत वापस ले ली थी। युवती ने कहा आज वही लोग अपना पल्ला झाड़ रहे हैं और मेरी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।

पूरे दिन चले इस ड्रामे के दौरान भाजपा नेता के घर के दरवाजे भीतर से बंद रहे। घर के बाहर तमाशबीनों और समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस भी मामले की संवेदनशीलता और सत्ता पक्ष का जुड़ाव देखते हुए काफी सावधानी बरतती नजर आई। देर रात तक पुलिस युवती को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
counter
अभी तक पाठक संख्या