नगीना/जिला बिजनौर - धूपबत्ती जलाने से रोकने पर भड़के कांवड़ियो ने मचाया तांडव, पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को पीटा, घटना की वीडियो वायरल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, फ़रवरी 15, 2026

नगीना/जिला बिजनौर - धूपबत्ती जलाने से रोकने पर भड़के कांवड़ियो ने मचाया तांडव, पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को पीटा, घटना की वीडियो वायरल

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ नगीना-नजीबाबाद मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर रुके कांवड़ियों ने धूपबत्ती जलाने से रोकने पर पंप संचालक के बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का 4 मिनट 21 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल हो थी घटना की वीडियो गत 10 फरवरी की है। नगीना के बुंदकी मार्ग स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर कांवड़ियों का एक जत्था रुका था। इस दौरान कुछ कांवड़िये पंप परिसर में ही अपनी कांवड़ के सामने धूपबत्ती जलाने लगे। इस दौरान मौजूद रहे पम्प संचालक के पुत्र ने यहाँ ज्वलनशील  पदार्थ का प्रयोग न करने के नियम की जानकारी देते हुए उन्हें ऐसा करने से रोका। पंप की सुरक्षा हेतु दी गयी ये सलाह कांवड़ियों को रास नहीं आई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दर्जनों कांवड़ियों ने पम्प संचालक के पुत्र सनी चौधरी को घेर लिया और लात-घूंसों व डंडों से हमला कर दिया।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ सनी चौधरी को बुरी तरह पीट रही है और वह खुद को बचाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं, जो बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उग्र भीड़ के आगे वे बेबस दिखाई दे रहे हैं। भीड़ के आक्रामक रवैये के कारण आसपास के लोग और अन्य राहगीर दहशत में आकर वहां से दूरी बनाते दिखे।


वायरल वीडियो के साथ कुछ भ्रामक जानकारियां भी प्रसारित की गईं, जिसमें पीड़ित को दूसरे समुदाय का बताकर घटना को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया। हालांकि, जांच में स्पष्ट हुआ कि पीड़ित परिवार हिंदू है और विवाद पूरी तरह से सुरक्षा संबंधी टोकने को लेकर शुरू हुआ था।


सीओ नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो लगभग 5 दिन पुराना है। बुंदकी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप संचालक के साथ कहासुनी का मामला संज्ञान में आया था। जांच में कांवड़ खंडित होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मौके पर मौजूद पुलिस ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया था। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या