मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - मृत घोषित किये जाने के तीन दिन बाद जिन्दा अपने घर पहुँचा युवक, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, फ़रवरी 12, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - मृत घोषित किये जाने के तीन दिन बाद जिन्दा अपने घर पहुँचा युवक, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी

www.newsindia17.com
मिल कर्मचारी अरविन्द 

महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने विज्ञान और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। दीवान शुगर मिल में हादसे का शिकार हुए जिस कर्मचारी को परिजन और मिल प्रबंधन मृत मान चुके थे, वह करीब 36 घंटे बाद अचानक जिंदा अपने घर पहुंच गया। घर में जहाँ मातम पसरा था और 'तीजे' (मृत्यु के बाद की रस्म) की तैयारियां चल रही थीं, वहां अरविंद को जीवित देख खुशी का ठिकाना नहीं रहा।  


घटनाक्रम के अनुसार क्षेत्र के दीवान शुगर मिल का कर्मचारी अरविंद रात की पाली में ड्यूटी पर तैनात था। वह गन्ने को चेन डाल रहा था, इसी दौरान वह असंतुलित होकर मशीन की ओर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के शोर मचाने पर मशीन बंद की गई, लेकिन अफरा-तफरी के बीच अरविंद का कहीं पता नहीं चला। परिजनों का आरोप था कि मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण अरविंद मशीन की गहराई में समा गया है। इस हादसे के बाद अरविंद का सुराग न मिलने पर परिजनों ने उसे मृत मान लिया था। इस घटनाक्रम पर आक्रोशित परिजनों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर मिल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग भी की थी। घर पर रिश्तेदारों का तांता लगा था और अंतिम संस्कार के बाद की रस्मों की तैयारी की जा रही थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी दो दिनों तक मिल परिसर में जांच पड़ताल में जुटे रहे।


आज गुरुवार को उस समय पूरा घटनाक्रम बदल गया जब अरविंद अचानक अपने घर की दहलीज पर आ खड़ा हुआ। उसे देख परिजन पहले सहम गए, लेकिन हकीकत समझते ही घर में जश्न का माहौल हो गया। आँखों में आंसू लिए परिजनों ने उसे गले लगा लिया। मातम वाले घर में अचानक खुशियां लौट आईं।


दूसरी ओर अरविंद के सुरक्षित लौटने के बाद अब पुलिस के सामने कई अनुत्तरित प्रश्न खड़े हो गए हैं। सिविल लाइंस थाना पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि हादसे के तुरंत बाद अरविंद मशीन से निकलकर कहां चला गया था? उसने 36 घंटों तक अपने परिवार या पुलिस से संपर्क क्यों नहीं किया? क्या वह सदमे में था या इस गायब होने के पीछे कोई और कारण है? कर्मचारी अरविंद सुरक्षित है, यह राहत की बात है। लेकिन पूरी घटना और मिल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच जारी है। अरविंद के बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि सच सामने आ सके।

counter
अभी तक पाठक संख्या