![]() |
| हंगामा करते परिजन व इनसेट मे मृतका की फाइल फोटो |
उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर से स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का एक और कथित मामला सामने आया है। यहाँ सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में पित्त की पथरी का ऑपरेशन कराने एक महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने जमकर हंगामा किया और गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पटवाई थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर की निवासी रेखा आयु 25 वर्ष को पिछले कुछ पथरी की शिकायत थी। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। यहाँ के डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी।परिजनों के अनुसार ऑपरेशन शुरू होने के मात्र 20 मिनट बाद ही रेखा की हालत अचानक बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने घबराहट में हाथ-पांव मारना शुरू किया, लेकिन कुछ ही पलों में रेखा ने दम तोड़ दिया।
रेखा की मौत ही खबर मिलते ही परिजनो मे कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और आक्रोश फैल गया। मृतका के पति जोगेंद्र सिंह का आरोप है कि इस बारे मे पूछने पर डॉक्टर और पूरा पैरामेडिकल स्टाफ मौके से रफूचक्कर हो गया। जोगेंद्र ने बताया कि भागने के बाद किसी भी कर्मचारी ने फोन तक नहीं उठाया।परिजनों आरोप है कि अस्पताल को अप्रशिक्षित लोग चला रहे हैं। वहां न तो कोई विशेषज्ञ डॉक्टर था और न ही इमरजेंसी से निपटने के इंतजाम। अगर डॉक्टर मौके पर होते और सही इलाज मिलता, तो मेरी पत्नी की जान बचाई जा सकती थी।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी, सिविल लाइंस, ओंकार सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर रामपुर में कुकुरमुत्ते की तरह खुल रहे निजी अस्पतालों की वैधता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे अस्पतालों के खिलाफ 'सफाई अभियान' चलाना चाहिए जिनके पास न तो पर्याप्त संसाधन हैं और न ही अनुभवी स्टाफ।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
