कालागढ़/जिला बिजनौर - सरकारी आवास मे फंदे से लटका मिला युवक का सड़ा गला शव, मचा हड़कंप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 15, 2026

कालागढ़/जिला बिजनौर - सरकारी आवास मे फंदे से लटका मिला युवक का सड़ा गला शव, मचा हड़कंप

www.newindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 

अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध परियोजना के आवासीय परिसर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ नई कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिलने पर हड़कंप मच गया। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। आज बुधवार को पड़ोसियों द्वारा बदबू आने की शिकायत किए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।


जानकारी के अनुसार नई कॉलोनी के आवास संख्या एसबी 70 में राकेश आयु 27 वर्ष पुत्र स्वर्गीय बुध सिंह अकेला रहता था। आज बुधवार दोपहर आसपास के निवासियों को उक्त आवास से असहनीय दुर्गंध आती महसूस हुई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार ममगई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देख सभी दंग रह गए। युवक का शव फंदे से लटका हुआ था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।


पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है क्योंकि शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, जिस कमरे में शव मिला उसका दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जो मामले में संदेह पैदा करता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी।


पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल ने बताया कि युवक के शरीर पर प्रत्यक्ष रूप से चोट के कोई निशान नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।


मृतक राकेश के पिता बुध सिंह और माता सुमित्रा देवी सिंचाई विभाग में कार्यरत थे, लेकिन दोनों का देहांत हो चुका है। राकेश घर में अकेला रहकर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। पुलिस ने उसे हादसे की जानकारी दे दी है।

counter
अभी तक पाठक संख्या