जिला बिजनौर की चाँदपुर पुलिस ने कल गुरुवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले मे वांछित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की गोली लगने पर एक गौकश घायल हुआ है। घायल हुए आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से गौकशी के उपकरण, अवैध हथियार व वाहन बरामद किये है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाँदपुर पुलिस को कल गुरुवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ गौकश ग्राम बेरखेड़ा की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने पर आरोपी वसीम पुत्र याकूब कुरैशी, निवासी रसूलपुर नांगल घायल होकर मौके पर ही गिर गयापुलिस ने घायल हुए वसीम उक्त के साथ ही उसके 3 अन्य साथियो फईम पुत्र तस्लीम, निवासी शाहचंदन, तहसीन उर्फ कल्लू पुत्र शकूर, निवासी सब्दलपुर तेली व फरीद पुत्र बाबू, निवासी शाहचंदन को भी गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अँधेरे का लाभ लेते हुए 3 अन्य आरोपी नईम, अजीम उर्फ छांग और तहसीन जंगल के रास्ते फरार होने में सफल रहे। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश मे जुटी है।
पुलिस द्वारा की गयी इन गिरफ्तारियो के बाद हाल ही मे ग्राम सब्दलपुर तेली के पास हुई गौकशी की घटना का खुलासा हुआ है। पाठको को बताना उचित होगा कि ग्राम सब्दलपुर तेली के पास गौवंश के अवशेष मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव और रोष व्याप्त था। इस मामले मे बजरंग दल के नगर संयोजक सुशील कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने ही 13-14 अप्रैल की रात इस घटना को अंजाम दिया था।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आवारा गौवंशीय पशुओं को सुनसान स्थानों पर बांध देते थे और फिर रात्रि के समय उनका वध कर मांस को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से एक गौवंशीय पशु का सिर, मांस काटने के उपकरण, 315 बोर व 312 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक चाँदपुर ने बताया कि गौवंश के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

