मेरठ/उत्तर प्रदेश - कही बेटी पैदा होने पर तो कही संतान न होने पर तीन तलाक देकर घर से निकाला, मुकदमे दर्ज कर पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अप्रैल 18, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - कही बेटी पैदा होने पर तो कही संतान न होने पर तीन तलाक देकर घर से निकाला, मुकदमे दर्ज कर पुलिस जाँच मे जुटी

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 

उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ से दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक से जुड़े दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। यहाँ एक विवाहिता को बेटी पैदा होने पर प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया और दूसरी को माँ न बन पाने पर ससुराल पक्ष ने घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया। दोनों ही मामलों में पीड़िताओं ने अपने पतियों पर 'तीन तलाक' देने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पहला मामला जनपद के देहली गेट थाना क्षेत्र से जुड़ा है। थाना क्षेत्र के खैरनगर निवासी शमरीन खान का निकाह  5 वर्ष पूर्व दिल्ली निवासी मोहम्मद मोइन के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद जब शमरीन खान द्वारा एक बेटी को जन्म दिए जाने के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। ससुराल वाले दहेज मे अतिरिक्त 5 लाख रूपये की मांग करते हुए शमरीन को प्रताड़ित करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर शमरीन के साथ मारपीट की गयी और अक्टूबर 2025 मे पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया।


इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर देहली गेट पुलिस ने पति मोहम्मद मोइन और सास आकिला के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


दूसरा मामला जनपद के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से है। थाना क्षेत्र की हापुड़ रोड निवासी साजिदा का निकाह 11 वर्ष पहले शामली निवासी शहजाद के साथ हुआ था। आरोप है कि  शादी के लंबे समय बाद भी माँ न बन पाने पर ससुराल वाले साजिदा को ताने देने लगे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। इसी बीच पति शहजाद ने साजिदा से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। बताया गया कि ये मांग पूरी न होने पर शहजाद ने अप्रैल 2026 में उसे बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता साजिदा ने अपने पति पर तीन तलाक दिए जाने का भी आरोप लगाया है।


लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति शहजाद, जेठानी नसरीन, देवर जाकिर, साबिर और आबिदा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दोनों ही मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़िताओं की तहरीर के आधार पर दहेज अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए है। पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या