जिला रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव दबका मे कल शनिवार की शाम एक युवती द्वारा मस्जिद मे घुसकर तोड़फोड़ किये जाने पर हड़कंप मच गया। युवती ने मस्जिद की खिड़कियो के शीशे तोड़ दिए, सामान को आग के हवाले कर दिया मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। इस मामले की वायरल हुई वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने देर रात युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई मे मेकअप आर्टिस्ट के रूप मे कार्यरत 30 वर्षीय युवती का अपने चचेरे मामाओ के साथ करोड़ो की संपत्ति व गैंगरेप का विवाद चल रहा है। कल शनिवार को इसी मामले की सुनवाई के लिए वह कोर्ट आयी थी। कोर्ट से वापस जाते समय युवती अपने सरकारी अंगरक्षको और पुलिसकर्मियो के साथ गाँव दबका पहुंची और मस्जिद मे तोड़फोड़ शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने करीब 40 मिनट तक उत्पात मचाया। उसने न केवल मस्जिद को निशाना बनाया, बल्कि बीच सड़क पर एक बुजुर्ग साइकिल सवार का कॉलर पकड़कर उनके साथ भी बदतमीजी की। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे या उसे रोकने की नाकाम कोशिश करते दिखे।
युवती का दावा है कि दबका गांव मे उसका ननिहाल है और उसकी मां अपने पिता (युवती के नाना) की इकलौती संतान है। युवती मुंबई मे रहकर फैशन डिजायनर और मेकअप आर्टिस्ट का काम करती है। वर्ष 2012 मे उसके पिता की मौत होने के बाद चचेरे मामा इम्तियाज इम्तियाज हुसैन उर्फ चिंटू जो पिछले 25 वर्षो से जिला पंचायत सदस्य है ने उसकी माँ को अपने घर बुला लिया। प्रॉपर्टी के लालच के चलते मामा ने उसकी माँ को 14 साल तक बंधक बनाए रखा। युवती के अनुसार वह 9 महीने पहले दबका गांव आयी थी और पुलिस की मदद से अपनी मां को छुड़ाकर मुरादाबाद निवासी दूसरे मामा के यहां पहुंचा दिया। जहां उसकी जुड़वा बहन भी रहती है। इसके बाद युवती दिल्ली चली गई थी। नाना की पुश्तैनी जमीन के कागजात और सबूत एकत्र करने के लिए वह 29 फरवरी को फिर से दबका गांव आई थी। यहाँ आकर उसने कोर्ट से जमीन के कागजात निकलवाए थे।
युवती द्वारा जमीन के कागजात एकत्र किये जाने पर आरोपियो ने आपत्ति जाहिर की थी। आरोप है कि इसी दौरान 13 मार्च को चचेरे मामा मामा इम्तियाज उर्फ चिंटू, उसके सबसे बड़े भाई इरफान हुसैन उर्फ पप्पू (पड़ोसी गांव चमरौआ का ग्राम प्रधान) और मंझले भाई अफसार हुसैन उर्फ बबलू (गत 10 वर्ष से दबका ग्राम प्रधान), एक अन्य भाई असरार हुसैन (सभी चचेरे मामा) के साथ ही मौलाना लतीफ, इरफान हाजी, आसिफ बंडा, जाकिर और चार अन्य युवकों ने मिलकर युवती का अपहरण कर लिया। ये सभी युवती को कार में डालकर अपने घर चमरौआ ले गए। जहां इन चारों ने उसके साथ मारपीट की और हाथ पैर बांधकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि उसने जिस मस्जिद मे तोड़फोड़ व हंगामा किया है उस मस्जिद का मुतवल्ली आरोपी मामा अफसार हुसैन उर्फ़ बबलू है, जो ग्राम प्रधान भी है। मस्जिद के ठीक सामने ही बबलू का घर भी है।
थाना प्रभारी शहजादनगर कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि युवती ने दिल्ली में आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण और संपत्ति हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया था, जो हमारे थाने में ट्रांसफर किया गया है। कोर्ट में चार्जशीट फाइल कर दी गई है। कोर्ट से सुनवाई जारी है।युवती की मांग पर ही उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई गयी थी। कल शनिवार को कोर्ट से निकलने के बाद युवती ने दबका गांव की मस्जिद में तोड़फोड़ की है। पुलिस उसे रोकने का प्रयास कर रही थी, पर वह नहीं मानी।
इस मामले मे गांव निवासी महबूब पुत्र फारूक ने मुकदमा दर्ज कराया है। देर रात में युवती और दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना का वीडियो बरामद हुआ है पर युवती के डर के चलते आसपास के रहने वाले लोग कुछ ज्यादा बात नहीं बता रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
