नहटौर/जिला बिजनौर - 10 वर्षीय बच्ची की जान लेने वाली मादा गुलदार हुई पिंजरे मे कैद, ग्रामीणो ने ली राहत की साँस - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, अप्रैल 19, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - 10 वर्षीय बच्ची की जान लेने वाली मादा गुलदार हुई पिंजरे मे कैद, ग्रामीणो ने ली राहत की साँस

www.newsindia17.com

नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम मुकर्रमपुर मे दहशत का पर्याय बन चुकी मादा गुलदार आज रविवार सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। इसी मादा गुलदार ने पिछले दिनों खेत में काम कर रही 10 वर्षीय बालिका को अपना निवाला बनाया था। वन विभाग की टीम गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर धामपुर रेंज कार्यालय ले गयी है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत दिनो ग्राम मुकर्रमपुर निवासी अदिति आयु 10 वर्ष पुत्री अतुल अपनी माँ पिंकी देवी के साथ गन्ना छिलवाने जंगल गई थी। इसी दौरान रामकुमार के खेत के पास झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक अदिति पर पीछे से हमला कर दिया था। गुलदार ने बच्ची का गला दबाकर उसे जंगल की ओर खींचने का प्रयास किया था। पिंकी देवी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने साहस साहस का परिचय देते हुए लाठी-डंडों के साथ गुलदार का पीछा किया था। जिसके बाद गुलदार बालिका को लहूलुहान छोड़कर भाग गया था। गुलदार की हमले मे गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।


गुलदार के हमले मे हुई 10 वर्षीय मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी रोष था, जिसे देखते हुए वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह और शूटर अनीश अहमद के नेतृत्व में टीम ने गांव में ही डेरा डाल दिया था। गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद ली गई थी और दो अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए गए थे। वन विभाग की 5 सदस्यीय टीम दिन-रात गुलदार की निगरानी कर रही थी।


रविवार सुबह जब वन विभाग की टीम गश्त पर थी, तब किसान इंद्रपाल सिंह के खेत में लगाए गए पिंजरे में मादा गुलदार फंसी मिली। गुलदार के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पकड़ी गई मादा गुलदार की उम्र लगभग चार वर्ष बताई जा रही है।


वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि मुकर्रमपुर के जंगल से अब तक दो मादा गुलदार पकड़ी जा चुकी हैं। रविवार सुबह पकड़ी गई गुलदार को रेंज कार्यालय धामपुर लाया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या