![]() |
| फंदे पर लटका युवक का शव व इनसेट मे मृतक की फाइल फोटो, विलाप करते परिजन |
जिला बिजनौर के कस्बा रेहड़ मे आज सोमवार की सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव घर से कुछ दूर स्थित एक आम के बाग़ में पेड़ के सहारे लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। युवक विदेश जाने की तैयारी कर रहा था और सुबह पासपोर्ट के सिलसिले मे बरेली जाने के लिए घर से निकला था। घटना के बाद से परिजनो मे कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा रेहड़ निवासी बंटी कुमार पाल आयु 22 वर्ष पुत्र धर्मपाल सिंह रोजगार के सिलसिले मे विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। बंटी फ़िलहाल काशीपुर स्थित एक पेपर मिल मे नौकरी कर रहा था। आज सोमवार सुबह वह अपनी माँ सीमा देवी से पासपोर्ट सम्बन्धी किसी काम के सिलसिले मे बरेली जाने को कहकर घर से निकला था। बंटी के घर से कुछ दूरी पर ही अफजलगढ़ निवासी आनंद रस्तोगी का आम का बाग़ है जिसे रेहड़ निवासी शमीम शाह आदि ने ठेके पर लिया हुआ है। दोपहर लगभग 2 बजे बाग़ की ओर गए शमीम शाह ने बंटी का शव आम के पेड़ के सहारे फंदे लटका देखा। युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गयी।
घटना की सूचना मिलते ही रेहड़ पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूर्वी व सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक बंटी 2 भाइयो और 2 बहनो से सबसे छोटा था। किसी को अंदाजा नही था कि वह ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा। बंटी के पिता धर्मपाल सिंह इस समय गंभीर बीमारी के कारण एम्स ऋषिकेश मे भर्ती है। जहाँ बड़ा बेटा उनकी देखभाल मे लगा है। बंटी की मौत के बाद उसकी माँ का रो रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष रेहड़ राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि फोरेंसिक टीम पुलिस द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और समय का स्पष्ट पता चल पाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
