![]() |
| पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के पिता व अन्य परिजन |
जिला बदायूँ के अलापुर थाना क्षेत्र मे संदिग्ध परिस्तिथियो मे हुई विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से विवाहिता के ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला फरुर्खाबाद के करणपुर दत्त निवासी रामऔतार ने अपनी पुत्री बसंती आयु 20 वर्ष का विवाह मई 2025 मे थाना क्षेत्र के गाँव नगला निवासी लीलाधर के साथ किया था। रामऔतार ने बताया कि कल रविवार की शाम बसंती ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसके साथ पिछले 3 दिन से मारपीट कर रहे है। रामऔतार ने बताया कि बंसती रो रही थी और घबराई हुई थी। रामऔतार ने उसे ढाढ़स बंधाया और जल्द ही उसकी ससुराल पहुँचने को कहा। बसंती से फोन पर बात होने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही जब रामऔतार व अन्य परिजन बेटी की ससुराल पहुंचे और वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। बसंती का शव घर के आंगन में पड़ा हुआ था और घर के सभी सदस्य मौके से फरार थे। मायके वालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। आज सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर भी ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे ससुरालियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष अलापुर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)
