जिला अमरोहा की नौगावा सादात पुलिस ने गत 27 अप्रैल को हुई किशोरी की हत्या का मात्र 48 घंटे मे ही चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस द्वारा की गयी जांच मे बेटी के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाने वाली माँ ही कातिल निकली। पुलिस द्वारा की गयी जाँच मे सामने आया कि किशोरी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद बदनामी के डर से मां और भाई ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 27 अप्रैल की सुबह लगभग 9 बजे नौगावा पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गाँव बीलना मे एक किशोरी ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनो ने बताया कि उन्होंने ही शव को फंदे से उतारा है। पुलिस को शव के गले पर बने निशान देखकर शक हो गया था कि मामला कुछ और है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद जब कड़ियां जोड़ी गईं, तो शक की सुई परिवार की ओर मुड़ गई।
पुलिस ने मृतका की माँ नाजो खातून को हिरासत मे लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे नाजो खातून ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। नाजो खातून ने बताया कि उसकी बेटी का गांव के ही जैद के साथ करीब एक साल से प्रेम संबंध था। गत 26 अप्रैल की रात बेटी के घर पर न मिलने पर मां और भाई उसे ढूंढने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने किशोरी को जैद के घर में उसके साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
इस घटना के बाद गांव में पंचायत हुई और जैद को गाँव छोड़ने का फैसला सुनाया गया। इस फैसले पर सहमति बनी और जैद गांव से चला गया। इसके बावजूद भी मां और भाई के मन में लोक-लाज और बदनामी का डर बना रहा। इसी डर के चलते 27 अप्रैल की सुबह दोनों ने मिलकर किशोरी का दुपट्टे से गला घोंट दिया और शव को फंदे से लटकाकर खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की।
शुरुआत में मृतका के पिता मुनाजिर ने जैद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन एसपी लखन सिंह यादव के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस टीम द्वारा की गयी जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। पुलिस ने कातिल मां नाजो खातून और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई दो दुपट्टे भी बरामद कर लिए है। पुलिस द्वारा की गयी जांच में पता लगा कि प्रेमी जैद ने उस रात नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके आधार पर उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि उक्त मामले मे शुरुआती तहरीर पर हत्या का केस दर्ज हुआ था, लेकिन विवेचना में पाया गया कि यह ऑनर किलिंग का मामला है। मां और नाबालिग भाई ने ही हत्या की बात स्वीकार की है। साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
