आज शनिवार की सुबह जिला बदायूँ के कादरचौक थाना क्षेत्र मे एक अज्ञात युवती का शव सड़क किनारे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। पुलिस की प्रारम्भिक जाँच मे हत्या कर शव को वहाँ फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। समाचार प्राप्त होने तक शव की शिनाख्त नही हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शनिवार की सुबह राहगीरो ने थाना क्षेत्र के ग्राम सिसैया नगला के पास सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गयी। राहगीरो द्वारा सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। मृतका की आयु लगभग 21 वर्ष बताई जा रही है। मृतका नीले रंग का सूट और प्लाजो पहने हुए है। उसके दाहिने पैर मे एक काला धागा भी बंधा हुआ है।
पुलिस द्वारा की गयी प्रारम्भिक जाँच मे युवती के गले पर चोट और दबाब के स्पष्ट निशान मिले है। शव के पास ही किसी अन्य महिला की एक चप्पल भी पड़ी मिली है। अंदेशा है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गयी है और इस वारदात के दौरान कोई महिला भी मौके पर मौजूद थी। यह महिला हड़बड़ी मे अपनी एक चप्पल मौके पर ही छोड़ गयी है। इसके साथ ही युवती के घुटनो पर रेत लगी मिली है जबकि घटनास्थल की स्थिति अलग है। माना जा रहा है कि युवती की हत्या कर शव को यहाँ लाकर फेंक दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वेशभूषा से युवती विवाहित प्रतीत हो रही है। फ़िलहाल फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किये है। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। थाना प्रभारी कादरचौक विक्रम सिंह ने बताया कि युवती की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और पड़ोसी जनपदों में गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
