इस्लामनगर/जिला बदायूँ - निजी अस्पताल मे गर्भपात के बाद हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अप्रैल 28, 2026

इस्लामनगर/जिला बदायूँ - निजी अस्पताल मे गर्भपात के बाद हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप

www.newsindia17.com

जिला बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र से एक निजी हेल्थ केयर सेंटर की लापरवाही के चलते महिला की मौत का मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक निजी अस्पताल मे गर्भपात के बाद हुई महिला की मौत से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनो ने अस्पताल संचालक पर पैसों के लालच में अधूरा इलाज करने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव नगला बारह निवासी विकास की पत्नी ललिता को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर इस्लामनगर के मौर्य हेल्थ केयर सेंटर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि यहाँ डॉक्टर इरशाद ने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखकर बताया कि बच्चा खराब हो चुका है और गर्भपात कराना होगा। कथित तौर पर इस पूरी प्रक्रिया के लिए डॉक्टर ने 60 हजार रुपये की मांग की, जिसे परिजनों ने चुका दिया। परिजनों का आरोप है कि मोटी रकम ऐंठने के बावजूद डॉक्टर ने गर्भपात की प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया। गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान ही ललिता की हालत बिगड़ने लगी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने किसी उच्च केंद्र पर रेफर करने के बजाय उसे वहीं रोके रखा। आरोप है कि इलाज में हुई इसी देरी और लापरवाही के कारण ललिता ने दम तोड़ दिया।


आरोप है कि ललिता की स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर डॉक्टर इरशाद और नर्स इशरत मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर मौके से फरार हो गए। महिला की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने अस्पताल के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।


घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।


थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या