उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत से यौन शोषण व धर्मपरिवर्तन के लिए दबाब बनाये जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहानाबाद थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहित हिंदू महिला ने गांव के ही एक युवक पर यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया गया कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुकड़ी खेड़ा निवासी इरशाद अंसारी उर्फ नन्हे ने उसे तीन बीघा जमीन देने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि इरशाद महिला को बहला-फुसलाकर जिला बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित गंगवार कॉलोनी में एक किराए के मकान में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ जबरन अवैध संबंध बनाए और उसका शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि इस दौरान इरशाद ने उस पर अपने हिंदू पति को तलाक देने और मुस्लिम धर्म अपनाकर निकाह करने का भी दबाब बनाया। महिला द्वारा इंकार करने पर आरोपी ने उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता किसी प्रकार आरोपी के चंगुल से मुक्त होकर अपने घर पहुंची और परिजनो को आपबीती कह सुनाई।
सूत्रों के अनुसार शुरुआत में जहानाबाद पुलिस ने इस मामले को टालने का प्रयास किया, जिससे क्षुब्ध होकर पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उच्चाधिकारियों द्वारा मामले का संज्ञान लेने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
एएसपी पीलीभीत नताशा गोयल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जहानाबाद में आरोपी इरशाद अंसारी के खिलाफ यौन शोषण और धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एएसपी नताशा गोयल ने आश्वासन दिया है कि महिला को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी और दोषी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
