![]() |
| मृतका भावना की फाइल फोटो व हंगामा करते परिजन |
कल शनिवार की देर शाम नहटौर नगर स्थित एक निजी नर्सिंग होम मे हुई गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने जमकर हंगामा किया। परिजनो ने चिकित्सको पर उपचार के दौरान लापरवाही बरतने व गलत इंजेक्शन लगाने का भी आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला नगर के मोहल्ला छापेग्रान निवासी विपिन कुमार की पत्नी भावना आयु 22 वर्ष 7 माह की गर्भवती थी। कल शनिवार को कुछ परेशानी होने पर परिजन भावना की जाँच कराने हेतु मोहल्ले मे स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए थे। परिजनो का आरोप है कि नर्सिंग होम के चिकित्सको ने भावना को भर्ती कर लिया और ड्रिप लगा दी। इसी दौरान शाम लगभग 6 बजे भावना की हालत बिगड़ने लगी और शरीर नीला पड़ना शुरू हो गया। परिजनो ने उसे अन्य अस्पताल ले जाने की तैयारी की मगर तब तक भावना व उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गयी।
महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने शव को नर्सिंग होम के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक चले इस हंगामे के दौरान परिजनो ने आरोप लगाया कि गलत उपचार दिए जाने व चिकित्सको की लापरवाही के चलते एक साथ दो जाने गयी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनो को समझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
कस्बा प्रभारी उप निरीक्षक अशोक मलिक ने बताया कि हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थिति को नियंत्रित कर शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, देर रात तक कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिशों में जुटे रहे। इस घटना से क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
