मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - बुर्काधारी महिला के साथ सरेआम छेड़खानी करने वाला नौशाद मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर मे गोली लगने पर हुआ घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मई 01, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - बुर्काधारी महिला के साथ सरेआम छेड़खानी करने वाला नौशाद मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर मे गोली लगने पर हुआ घायल

https://www.newsindia17.com/2026/05/httpsnewsindia17.commoradabad-police-encounter-accused-naushad-arrested-for-harassing-burqa-clad-woman.html

उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद पुलिस ने महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शहर की एक सुनसान गली में बुर्का पहने महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाले 45 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने कल गुरुवार देर रात पुलिस हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए आरोपी को उपचार हेतु जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 29 अप्रैल को महानगर के मुगलपुरा थाना क्षेत्र की एक गली से गुजर थी बुर्काधारी महिला को आरोपी ने पीछे से आकर पकड़ लिया था और सरेआम अश्लील हरकत की थी। घटना के दौरान महिला द्वारा शोर मचाये जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। अगले दिन गुरुवार को ही इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़िता बुर्का पहनकर हाथ में बैग लिए गली से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए आरोपी ने अचानक उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकत की। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया और कुछ दूर तक आरोपी का पीछा भी किया, जिससे वह डरकर भाग निकला।


इस वीडियो फुटेज मे सिर पर टोपी लगाए आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही थी। मामला संज्ञान मे आते ही पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास शुरू कर दिए थे। पुलिस द्वारा की गयी जाँच के बाद आरोपी की पहचान नौशाद निवासी कटघर के रूप मे हुई थी। आरोपी पेशे से लेडीज टेलर है।


आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने के बाद उसकी गिरफ्तारी हेतु एसपी सिटी रण विजय सिंह के नेतृत्व मे 5 पुलिस टीमो का गठन किया गया था। कल गुरुवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली की आरोपी नौशाद रामगंगा नदी किनारे स्थित जामा मस्जिद के पास छिपने के फ़िराक मे घूम रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस को आया देख आरोपी नौशाद ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली आरोपी के बांये पैर मे जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के कब्जे से 315 बोर का 01 तमंचा व 03 कारतूस बरामद किये है।


पुलिस द्वारा की गयी जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा स्थानीय स्तर पर की गयी पूछताछ में पता लगा कि नौशाद पहले भी कई महिलाओं के साथ इस तरह की अभद्रता कर चुका है। इन महिलाओ ने लोक-लाज के डर से उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने अब उस पीड़िता को भी तलाश  कर लिया है जिसके साथ बुधवार को घटना हुई थी। महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


एसपी सिटी रण विजय सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपी की पहचान की गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या