![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जिला बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से 'तीन तलाक' और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मध्य प्रदेश निवासी एक युवती ने भोजीपुरा के युवक पर प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने, निकाह करने और बाद में फोन पर 'तीन तलाक' देकर छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम करीब पांच वर्ष पुराना है। मध्य प्रदेश के थाना गढ़वा क्षेत्र के सिंगरौली निवासी पीड़िता ने बताया कि भोजीपुरा के ग्राम घंघोरा घंघोरी निवासी अमीर हसन मंसूरी से उसकी मुलाकात नौकरी के दौरान हुई थी। आरोप है कि अमीर हसन ने पहले उसे अपनी मीठी-मीठी बातों से प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद कथित रूप से युवती का धर्म परिवर्तन कराया और फिर उसके साथ निकाह शादी कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही अमीर हसन का रवैया पूरी तरह बदल गया। वह उससे दूरियां बनाने लगा और आखिरकार उसे अकेला छोड़कर वापस मध्य प्रदेश चला गया। पिछले कई महीनों से आरोपी अपने गांव भी नहीं लौटा और वहीं से अपने एक दोस्त आतिक के साथ मिलकर पीड़िता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। मामले में तब नया मोड़ आया जब अमीर हसन ने कानून की परवाह किए बिना अपनी पत्नी को फोन पर ही छोड़ दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अमीर हसन ने अपने दोस्त आतिक के उकसाने पर मोबाइल फोन के जरिए उसे 'तीन तलाक' दे दिया। आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि जब तक वह घर छोड़कर नहीं जाएगी, वह वापस नहीं आएगा। इसके साथ ही उसका गुजारा भत्ता (आर्थिक सहायता) भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है और अब उन्हें मकान बेचने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी का दोस्त आतिक अब उस पर किसी और से दूसरी शादी करने का दबाव बना रहा है।
इस पूरे मामले पर भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर को बेहद गंभीरता से लिया गया है। मध्य प्रदेश की युवती की शिकायत पर आरोपी पति अमीर हसन मंसूरी और उसके दोस्त आतिक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू और साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

