जिला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र के गाँव कोहरपुर मे आज रविवार को दिनदहाड़े एक 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गयी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को मामूली कहासुनी और विवाद के चलते अंजाम दिया गया। घटना के बाद से क्षेत्र मे कोहराम मचा हुआ है। दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रविवार की सुबह करीब 9 बजे गाँव निवासी बिट्टू आयु 19 वर्ष पुत्र चरन अपने चचेरे भाई आशु के साथ गाँव की ही एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीने जा रहा था। इसी दौरान गाँव निवासी सुरेंद्र और उसके दो बेटो अमित और नीटू ने उसे रास्ते मे रोक लिया। आरोप है कि सुरेंद्र और उसके बेटों ने बिना किसी कारण बिट्टू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सुरेंद्र ने तैश में आकर अपने पास रखे धारदार चाकू से बिट्टू के सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चाकू लगते ही बिट्टू लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल बिट्टू को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिट्टू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने माता-पिता के पांच बेटों और एक बेटी में दूसरे नंबर का था और गांव में ही मजदूरी करके परिवार का हाथ बंटाता था।
मृतक के पिता चरन ने इस मामले में पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। चरन का कहना है कि सुरेंद्र ने पहले भी मेरे बेटे बिट्टू के साथ मारपीट की थी। इस मामले की लिखित शिकायत भी मंडावर थाने मे की गयी थी मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। चरन सिंह का कहना है कि आरोपी रसूखदार और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जबकि हम बेहद गरीब लोग हैं, इसीलिए पुलिस ने हमारी एक न सुनी। अगर पहले ही कार्रवाई हो जाती, तो आज मेरा बेटा जिंदा होता।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ सिटी अभय पांडे और मंडावर थाना अध्यक्ष संजय तोमर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारकी से निरीक्षण किया और वहाँ से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुरेंद्र और उसके बेटों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
