आज मंगलवार की सुबह बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दारानगर गंज में 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहाँ चिकित्सकों द्वारा की गयी जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान टिंकू आयु 30 वर्ष पुत्र विजय, निवासी दारानगर गंज, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर के रूप में हुई है। टिंकू ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन कर रहा था। आज मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे टिंकू खेत में घायल अवस्था में पड़ा मिला। टिंकू का ई रिक्शा भी शव के पास ही मौजूद था। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि टिंकू की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी और वह तीन बच्चों का पिता था। परिजनों के अनुसार टिंकू कल सोमवार की शाम करीब छह बजे घर से ई-रिक्शा लेकर निकला था, जिसके बाद मंगलवार सुबह उसका घायल अवस्था में खेत में मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम टिंकू और उसकी पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद वह घर से ई-रिक्शा लेकर निकल गया था। हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

