गंज/जिला रामपुर - पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ मे गैंगस्टर एक्ट का आरोपी घायल, साथी सहित गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, सितंबर 14, 2026

गंज/जिला रामपुर - पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ मे गैंगस्टर एक्ट का आरोपी घायल, साथी सहित गिरफ्तार

ganj-rampur-gangster-act-accused-injured-in-police-encounter-arrested-with-accomplice

जिला रामपुर की गंज थाना पुलिस ने कल रविवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर एक्ट मे वाँछित दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने पर घायल हुए एक आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई मे जुटी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार की देर रात  गंज थाना पुलिस रफत धर्मकांटा से चाकू चौक जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनो की जाँच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक पर दो युवको को आता देख पुलिस टीम ने उन्हे रूकने का इशारा किया। बताया गया कि बाइक सवार युवको ने पुलिस टीम को देख मौके से भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी फायरिंग मे एक गोली बाइक सवार एक बदमाश को जा लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल हुए बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जबकि मौके से भागने का प्रयास कर रहे उसके साथी को भी पुलिस टीम ने धर दबोचा।


पुलिस टीम द्वारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किये गए बदमाशो की पहचान मोबिन और रिजवान के रूप मे हुई है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ मोबिन भोट थाना क्षेत्र मे दर्ज गैंगस्टर के एक मामले मे वाँछित है। मोबिन के खिलाफ गोवध निवारण कानून, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। जबकि गिरफ्तार किये गए रिजवान के लाफ भी गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण कानून के तहत पहले से मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मुकदमों की भी जानकारी जुटा रही है।


पुलिस ने गिरफ्तार  किये गए आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिन्दा व एक मिस कारतूस के साथ ही बिना नंबर प्लेटवाली एक बाइक बरामद की है। इस बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।


एडिशनल एसपी अनुराग सिंह के अनुसार मुठभेड़ के दौरान घायल हुए मोबीन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, गिरफ्तार रिजवान से पुलिस पूछताछ कर रही है। उक्त पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या