रामपुर - सीएम योगी ने किया 95 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, कहा भाजपा सरकार में हो रहा है प्रदेश का विकास - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 01, 2022

रामपुर - सीएम योगी ने किया 95 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, कहा भाजपा सरकार में हो रहा है प्रदेश का विकास


पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 16 जिलाें में घूमने के बाद भाजपा की जन व‍िश्‍वास यात्रा रामपुर के रठौंडा पहुंची। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने 95 करोड़ की 25 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास क‍िया। इसके बाद मंचासीन भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्‍वागत क‍िया गया।


भारत माता की जय के साथ शुरू किये अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा क‍ि जनविश्वास यात्रा को आमजन का भरपूर समर्थन मिल रहा है।  उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकार ने बिना डरे और बिना झुके काम किया है और फर्क साफ है, 2017 से पहले दंगाइयों को सम्मान मिलता था, अब किसानों को मुख्यमंत्री आवास में सम्मान मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुरी चाकू का उपयोग कैसे करना है हमें पता है, यह गलत हाथों में होगा तो दुरुपयोग होगा। यह गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने का माध्यम बन गया था। अपराध व अपराधियों को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई, गरीबों की संपत्ति हड़पने वालों से कब्जा वापस लिया, उनके अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलवा दिया।


मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा क‍ि बबुआ कह रहे थे कि सरकार आने पर बिजली मुफ्त देंगे पर सरकार आने पर बिजली पूरी तरह गायब हो गयी। उसके बाद आयी भाजपा सरकार ने बिजली दी, घर घर शौचालय भी बनवाए। उन्होंने कहा कि पूर्वर्ती सरकारों ने जनता की कमाई लूटकर दीवारों में दबा रखी थी। सपा सरकार में नौजवानों को धोखा मिला, नौकरी नहीं मिली।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कार्यकाल में भाजपा सरकार ने साढ़े चार लाख नौकरी दी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले दंगा होता था पर हमने दंगा करने वालों को साफ कह दिया कि दंगा किया तो सात पीढ़ियों तक परिणाम भुगतना पड़ेगा। सीएम ने कहा क‍ि करतारपुर कॉरिडोर भाजपा ने खुलवाया। पाकिस्तान इसमें अड़ंगा लगा रहा था, 86 लाख किसानों का 36 करोड़ का कर्ज माफ किया, किसानों को किसान सम्मान निधि दिलाई। 370 कांग्रेस में समाप्त क्यों नहीं हुई, यह काम नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने क‍िया। बबुआ बोल रहे थे कि उनकी सरकार होती तो वह भी राम मंदिर बनाते, लेकिन उन्हें तो कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने से फुर्सत नहीं थी। राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले राम मंदिर बनवाने की बात कर रहे हैंं। डबल इंजन की सरकार गरीबों को राशन भी डबल दे रही है। सीएम ने कोरोना से बचाव के लिए जनता से वैक्सीन लगवाने की अपील की।


इस दौरान सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रही। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड व पुलिस अधीक्षक अंकित मितल के नेतृत्व में पुलिस के 2 हजार जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रठौंडा के शिव मंदिर पर चल रहे सौंदर्यकरण कार्य का भी शिलान्यास किया।

web counter
अभी तक पाठक संख्या