जनपद संभल के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में चोरी करने के इरादे से घर में घुसे युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद ग्रामीणों ने युवक का शव फेंक दिया। युवक का शव ग्रामीण के घर के पीछे पड़ा हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी सलमान नाम के युवक का शव गढ़ी थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में एक ग्रामीण के घर के पीछे पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हजरत नगर गढ़ी थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली तो ग्रामीणों ने युवक के द्वारा घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की जानकारी दी। वहीं चोर के शव को जिला अस्पताल पहुंचाने पहुंचे गांव के ही युवक को पुलिस ने हत्या के शक में पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। थाना पुलिस पूछताछ में लगी हुई है। जिसके बाद पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और थाना पुलिस चोर की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में एक आरोपी नईम को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसने चोरी के शक में युवक की बुरी तरह पिटाई की और उसके बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
| अभी तक पाठक संख्या |
