फलावदा/जिला मेरठ -फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, ससुर हिरासत मे अन्य फरार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, नवंबर 08, 2025

फलावदा/जिला मेरठ -फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, ससुर हिरासत मे अन्य फरार

www.newsindia17.com
मृतका की फाइल फोटो 
कल शुक्रवार की देर शाम जिला मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र मे एक नवविवाहिता का शव पंखे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मृतका के ससुर को हिरासत मे ले लिया है। मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अभी फरार है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आशा पुत्री तेजपाल निवासी गाँव सैदपुर, थाना क्षेत्र हस्तिनापुर की शादी लगभग 6 माह पूर्व कुलदीप पुत्र ईलम सिंह निवासी गाँव गडीना थाना क्षेत्र के साथ हुई थी। आरोप है कि कुलदीप शराब पीने का आदि है और इसको लेकर शादी के बाद से ही परिवार में विवाद होता रहता था और आशा को भी प्रताड़ित किया जाता था। कल शुक्रवार की शाम आशा का शव घर के ही एक कमरे मे फांसी के फंदे पर लटका मिला। आशा के ससुराल वालो ने ही शव को फंदे से उतारा और उसके मायके वालो को सूचना दी।


घटना की सूचना मिलते ही आशा का भाई मनोज और अन्य परिजन गडीना गांव पहुंचे। बहन को मृत देखकर उनमें कोहराम मच गया।मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने ही आशा की हत्या की और फिर शव को पंखे पर लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। इसके बाद उन्होंने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के ससुर ईलम सिंह को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, मृतका का पति कुलदीप और परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल से फरार हैं। मृतका के भाई मनोज की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


मनोज ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले भी कुलदीप ने शराब के नशे में आशा के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी मिलने पर वे ससुराल पहुंचे थे, जहां पंचायत भी हुई थी। उस समय कुलदीप ने माफी मांगी थी और भविष्य में आशा को परेशान न करने का आश्वासन भी दिया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या