![]() |
| शादी समारोह के दौरान मनीष के साथ ममता, पोस्टमार्टम हॉउस पर मौजूद परिजन |
जिला बिजनौर के नगीना देहात थाना क्षेत्र मे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियो मे हुई मौत के बाद मायके पक्ष ने तेजाब पिलाकर हत्या किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धामपुर थाना क्षेत्र के गाँव तिवड़ी मंझेड़ा निवासी ममता आयु 22 वर्ष की शादी लगभग 7 माह पूर्व नगीना देहात थाना क्षेत्र के गाँव हरगांव चंदन निवासी मनीष के साथ हुई थी। इसी सबके बीच शुक्रवार को ममता की संदिग्ध परिस्तिथियो मे मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे ममता के मायके वालो ने बताया कि उन्होंने शादी के समय पर्याप्त दान दहेज दिया था मगर इसके बाद भी ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। इसी के चलते ममता और उसके पति के बीच भी अनबन शुरू हो गयी थी।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले पिछले दो माह से सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे। इसको लेकर आये दिन ममता को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनो ने बताया कि इस समय ममता 5 माह की गर्भवती थी। ममता का पति मनीष जो एक खाना बनाने वाला कारीगर है, लगभग 20 दिन पहले काम के सिलसिले में झाँसी गया था। परिजनों का दावा है कि पति की गैर-मौजूदगी में ससुराल पक्ष के लोगों ने ममता को जबरन तेजाब पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगीना देहात थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्ज़े में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट में मौत के कारण की पुष्टि होने के बाद ही नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
