बदायूं के इस्लामनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम ब्योर कासिमाबाद में कल शनिवार की रात हुई एक अनोखी और अद्भुत शादी ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया। इस शादी समारोह के लिए गाँव में सभी गलियों का सजाकर, बैंड-बाजों की धुन, राधा-कृष्ण झांकी का मनमोहक नृत्य और कार पर विराजित बांके बिहारी जी की सजी-धजी मूर्ति के आयोजन के पूरे गांव को बृजधाम में तब्दील कर दिया था।
उक्त विशेष शादी समारोह गांव निवासी सुरेश चंद्र शर्मा की पुत्री पिंकी शर्मा का था, जिन्होंने किसी सामान्य वर से नहीं, बल्कि स्वयं बांके बिहारी जी से विवाह रचाने का निर्णय लिया। हलवाइयों के बीच पकवानों की खुशबू, सजावट से जगमगाता पंडाल और उत्साह से भरे गांववासी, हर कोई इस अलौकिक विवाह का गवाह बना। शाम ढलते ही गांव के ही इंद्रेश शर्मा के घर से कार पर विराजित बांके बिहारी जी की प्रतिमा को मुकुट और फूलों से भव्य रूप से सजाकर बारात निकाली गई। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच बरात जब सड़कों से गुजरी तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। इस दौरान महिलाएं छतों से गुलाब और गेंदे के फूलों की लगातार वर्षा कर रही थीं, ऐसा लग रहा था मानो आसमान से पुष्प वर्षा हो रही हो। बारात मे शामिल राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य झांकी ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। गांव की गलियां दीपमालाओं और झालरों से जगमगा रही थीं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं, हर कोई इस अलौकिक और अविस्मरणीय दृश्य को निहारता रह गया।
सुरेश शर्मा के घर पहुंचकर बरातियों ने स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया। इसके बाद विवाह समारोह का मुख्य आकर्षण मंच पर शुरू हुआ। पिंकी शर्मा ने मंच पर बांके बिहारी जी की प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक जयमाला पहनाई।इसके उपरांत वेद मंत्रों के बीच पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। पिंकी ने अपनी गोद में बांके बिहारी जी की मूर्ति लेकर पवित्र अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए। विवाह संस्कार पूर्ण होने के बाद, परंपरा अनुसार विदाई भी की गई और बांके बिहारी जी की मूर्ति को घर के लिए रवाना किया गया।
कान्हा के साथ शादी करने वाली पिंकी शर्मा के पिता सुरेश शर्मा ने बताया कि उनका परिवार अक्सर वृंदावन जाता रहता है। कुछ महीने पहले पिंकी की गोदी में बांके बिहारी जी के मंदिर में प्रसाद के साथ सोने की अंगूठी गिरी थी, जिसे उन्होंने ईश्वरीय संकेत माना। बताया जा रहा है कि पिंकी को सपने में भी बांके बिहारी जी से विवाह का आशीर्वाद मिला था, जिसके बाद उसने यह अलौकिक निर्णय लिया। परिवारजन भी उसकी इस गहरी श्रद्धा और भावना के साथ खड़े हैं।
इस अनोखी शादी को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुँचे। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे यह विवाह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। गांव में इस विवाह की चर्चा हर घर में हो रही है और लोग इसे भक्ति और श्रद्धा की एक अनोखी मिसाल बता रहे हैं। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवनकाल में पहली बार ऐसी दिव्य और अनोखी शादी देखी है। पिंकी शर्मा काफी खुश हैं और उन्होंने अपने अगले निर्णय के बारे में स्वयं आगे बताने की बात कही है। यह अद्भुत विवाह निश्चित रूप से लंबे समय तक क्षेत्र में एक प्रेरणादायक कथा बनकर चर्चा का विषय बना रहेगा।
| अभी तक पाठक संख्या |
