जिला सम्भल के नखासा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। युवक का शव कल सोमवार की देर शाम कमरे मे पंखे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देर रात शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव देहपा निवासी विपिन आयु 35 वर्ष पुत्र वीर सिंह का कल सोमवार की शाम उसकी पत्नी मोनिका के साथ किसी बात पर विवाद हो गया था। ये विवाद इतना बढ़ा कि मोनिका ने विपिन के खिलाफ देहपा पुलिस चौकी मे शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद मोनिका अपने मायके चली गयी थी। इस घटना से आहत विपिन ने कल देर शाम किसी समय अपने कमरे में जाकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजनो ने विपिन को फंदे से उतारा और उपचार हेतु अस्पताल ले गए। जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
देर रात घटना की सूचना मिलने पर नखासा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी संजीव कुमार बालियान ने बताया कि मृतक के परिजनों ने आत्महत्या के पीछे की कोई विशेष वजह नहीं बताई है। स्थानीय ग्रामीणों में यह चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। विपिन अपने पीछे 8 साल का एक बेटा छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
