बिजनौर/उत्तर प्रदेश - जिले के दौरे पर आये कमिश्नर आंजनेय कुमार ने 'ग्राम चौपाल' में परखी विकास कार्यों की हकीकत, लापरवाही पर जताई नाराजगी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, फ़रवरी 24, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - जिले के दौरे पर आये कमिश्नर आंजनेय कुमार ने 'ग्राम चौपाल' में परखी विकास कार्यों की हकीकत, लापरवाही पर जताई नाराजगी

www.newsindia17.com

आज मंगलवार को मुरादाबाद मंडल  कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने जनपद बिजनौर का सघन दौरा किया। उन्होंने जनपद के गाँव मुबारकपुर तालन मे 'ग्राम चौपाल' लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की आधुनिक व्यवस्थाओं की प्रशंसा की, वहीं पंचायत भवन में अधूरे अभिलेखों को देखकर अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।


आयुक्त ने समग्र विद्यालय स्थित पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान जब अभिलेखों की जांच की, तो स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। अधिकांश रजिस्टर खाली थे और मानक के अनुरूप अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जन्म-मृत्यु पंजिका और उपस्थिति पंजिका को तुरंत पूरा किया जाए। इसके साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम और चल-अचल संपत्ति रजिस्टर को मानकों के अनुसार अपडेट रखा जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान कमिश्नर को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिले। उन्होंने एस्ट्रोलॉजी लैब का निरीक्षण कर बच्चों से सवाल पूछे, जिनके उत्तर पाकर वे संतुष्ट नजर आए। लाइब्रेरी में नई और पुरानी पुस्तकों का व्यवस्थित रखरखाव देखकर उन्होंने खुशी जताई। आंगनबाड़ी केंद्र मे आधुनिक सुविधाओं, एलईडी स्क्रीन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के माध्यम से दी जा रही शिक्षा की कमिश्नर ने विशेष रूप से सराहना की। आयुक्त ने गांव में लगाए गए विभिन्न विभागों (कृषि, समाज कल्याण, एनआरएलएम आदि) के स्टालों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति और अंत्योदय कार्ड धारकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। इसके साथ ही विधवा, दिव्यांग और निराश्रित पेंशन के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के दिलाया जाए।


चौपाल के बाद वापसी के दौरान ग्रामीणों ने जलभराव और कीचड़ भरी सड़क की समस्या उठाई। कमिश्नर ने स्वयं मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं को नोट कर लिया गया है और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शीघ्र होगा।


शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने राजस्व और रेस्टोरेशन वादों के निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में दोनों पक्षों को सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर पारदर्शी निर्णय लिए जाएं। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगवाने की हिदायत दी।

इस दौरान जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर, सीडीओ रणविजय सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

free counter
अभी तक पाठक संख्या