नहटौर/जिला बिजनौर - पूजा के दीये से भड़की आग में जलकर 50 हजार की नकदी सहित हजारों का सामान हुआ राख, पीड़िता ने लगाई मदद की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, फ़रवरी 17, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - पूजा के दीये से भड़की आग में जलकर 50 हजार की नकदी सहित हजारों का सामान हुआ राख, पीड़िता ने लगाई मदद की गुहार

www.newsindia17.com

आज मंगलवार की सुबह नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम चक गोवर्धन में एक हृदयविदारक हादसा हुआ। यहाँ घर में जल रहे पूजा के दीये को एक चूहे ने नीचे गिरा दिया, जिससे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में एक विधवा महिला के घर में रखी नकदी सहित हजारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।


जानकारी के अनुसार गाँव निवासी सुनीता देवी ने आज मंगलवार की सुबह लगभग 8 बजे घर मे पूजा अर्चना की थी तथा दीपक भी जलाया था। बताया जा रहा है कि एक चूहे ने जलते हुए दीये को गिरा दिया और दीये की लौ पास रखे कपड़ों के ढेर पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते घर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।


सुनीता के घर से धुआं और लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घरों से बाल्टियों में पानी भरकर आग पर डालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सुनीता देवी का घर पूरी तरह बर्बाद हो चुका था।


पीड़िता सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के रिश्ते की बात चला रही थीं, जिसके लिए उन्होंने 50 हजार रूपये उधार लेकर घर में रखे थे। आग की भेंट न केवल वह नकदी चढ़ी, बल्कि कीमती कपड़े, बिस्तर और बर्तन पूरी भी तरह जल गए। इस अग्निकांड मे परिवार के महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी राख हो गए। 

हादसे के बाद गांव के लोगों ने सुनीता देवी के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों और पीड़िता ने जिला प्रशासन व क्षेत्रीय विधायक से मांग की है कि गरीब परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि यह परिवार दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सके।

free counter
अभी तक पाठक संख्या