जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र से रिश्तो को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश मे आयी है। यहाँ कथित अवैध सम्बन्धो के चलते चचेरे मामा ने अपने ही 28 वर्षीय भांजे की दरांती से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मामले मे त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खोंदकलां का निवासी आकिल आयु 28 वर्ष पुत्र शकील कल मंगलवार की रात घर पर अकेला ही था। देर रात करीब 12 बजे जब सभी ग्रामीण नींद मे थे इसी दौरान आकिल के घर से चीखने की आवाजे आने लगी। शोर मचता देख ग्रामीणो की भीड़ मौके पर जा पहुंची। इस दौरान ग्रामीणो ने आकिल के चचेरे मामा नसीम उर्फ़ भूरा को बदहवास हालत मे वहां से भागते हुए देखा। आकिल के घर के अंदर पहुंचे ग्रामीणों के पैरो से जमीन निकल गयी। आकिल लहूलुहान हालत मे जमीन पर गिरा हुआ था और उसके गले मे दरांती घुसी हुई थी। तेज प्रहार के कारण अत्यधिक खून बह जाने के चलते आकिल की मौके पर ही मौत हो गयी।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ अतुल कुमार पांडे और कोतवाल स्वार संजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच और पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्वार कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मृतक आकिल की पत्नी का उसके चचेरे मामा नसीम उर्फ भूरा के साथ कथित रूप से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आकिल को जब इस बात की भनक लगी तो वह उनके संबंधों में बाधक बनने लगा। इसी रंजिश के चलते आरोपी मामा ने भांजे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई कफील की तहरीर पर आरोपी नसीम उर्फ भूरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया गया है।
मृतक आकिल पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। आकिल अपने पीछे चार साल की बेटी और दो साल के बेटे को छोड़ गया है। मासूमों के सिर से पिता का साया उठने से पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं, बताया जा रहा है कि आरोपी नसीम की पत्नी भी आपसी विवाद के कारण काफी समय से अपने मायके में रह रही थी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

