![]() |
| एआई जनरेटेड सांकेतिक चित्र |
जिला पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र से एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ तीन युवकों ने तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण कर उसे गन्ने के खेत में ले जाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार चल रहे हैं जिनकी तलाश जारी है।
पीड़िता के पिता द्वारा अमरिया थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना 9 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे की है। नाबालिग किशोरी अपने चाचा के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही निवासी सलमान शाह ने उसे रास्ते में रोक लिया और तमंचे के बल पर डरा-धमका कर अपने दो साथियो फिरोज शाह और समीर की मदद से किशोरी को जबरन एक बाइक पर बैठा लिया। आरोपी किशोरी को पास के एक सुनसान गन्ने के खेत में ले गए, जहां तीनों दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपियों ने पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और कहा कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वे उसे और उसके परिवार को जान से मार देंगे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद उसने किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए पास की एक नहर में छलांग लगा दी। बदहवास हालत में वह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनकर परिजन तत्काल उसे लेकर अमरिया थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अमरिया थाना पुलिस ने तहरीर मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्काल दबिश देते हुए नामजद आरोपियों में से एक समीर को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मुकदमे की विवेचनाजारी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और जल्द ही उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए जाएंगे। फरार चल रहे दो मुख्य आरोपी सलमान शाह और फिरोज शाह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।" पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

