जिला बरेली के भुता थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक वर्षीय मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता को जंगल से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव अठाना का निवासी सोमपाल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था उसे शक था उसकी पत्नी राजवती के किसी के साथ अवैध सम्बन्घ है और एक वर्षीय पुत्र भी उसका नही है। इसी के चलते कल बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सोमपाल अपने 01 वर्षीय बेटे वरुण को बहला-फुसलाकर गांव के तालाब किनारे ले गया। वहां उसने निर्दयतापूर्वक मासूम का गला दबा दिया और शव को झाड़ियों में फेंककर खुद जंगल में छिप गया।
दूसरी ओर बच्चे के न मिलने पर राजवती को शक हुआ और आज गुरुवार को स्थानीय थाने मे तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। राजवती द्वारा दी गयी तहरीर मे सोमपाल पर बच्चे की हत्या किये जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलते ही क्षेत्राधिकारी फरीदपुर संदीप सिंह और भुता थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार भारी पुलिस बल व फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अठाना गांव के पास जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां से मासूम वरुण का शव बरामद किया गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी सोमपाल को शाम करीब 5 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर जंगल में छिपे हुए दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सोमपाल ने पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह राजस्थान में मजदूरी करता है और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। आरोपी ने खुलासा किया कि मुझे अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। मैं वरुण को अपना बेटा नहीं मानता था, इसी गुस्से में मैंने उसे खत्म करने का फैसला किया। आरोपी ने यह भी बताया कि पत्नी के मायके में रहने को लेकर भी दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने इस वारदात की पृष्ठभूमि तैयार की।
थानाध्यक्ष भुता रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी सोमपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और हर कोई पिता की इस क्रूरता की निंदा कर रहा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

