कल गुरुवार को संभल कोतवाली क्षेत्र मे एक दर्दनाक हादसे मे हुई किसान की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद करीब 20 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज शुक्रवार को ग्रामीण का शव तालाब से बरामद किया गया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनो मे कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव मोहम्मदपुर टांडा का निवासी आनंद आयु 38 वर्ष पुत्र रामकुमार कल गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत के पास खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आनंद गन्ना छीलकर खा रहा था और इसी दौरान वह तालाब के किनारे पहुंच गया। पैर फिसलने के कारण वह तालाब के गहरे पानी में समा गया। पास ही मौजूद 14 वर्षीय किशोरी महक ने जब उसे डूबते देखा, तो शोर मचाया, जिसे सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से गुरुवार रात 8 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और तालाब की गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और करीब 9 बजे आनंद का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
मृतक के साथी संजीव ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले वे दोनों साथ थे। आनंद की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे को लेकर शोक की लहर है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सम्भल गजेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण का शव तालाब से बरामद कर लिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
