नहटौर/जिला बिजनौर - बम-बम भोले' के उद्घोष से भक्तिमय हुआ नगर, शिवभक्तों के स्वागत में सजे विशाल भंडारे - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, फ़रवरी 13, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - बम-बम भोले' के उद्घोष से भक्तिमय हुआ नगर, शिवभक्तों के स्वागत में सजे विशाल भंडारे

www.newsindia17.com

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नहटौर और आसपास के क्षेत्रों में शिवभक्ति की बयार बह रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्तों का आगमन नहटौर नगर में शुरू होने के साथ ही पूरा क्षेत्र भगवा रंग में रंगा नज़र आ रहा है। स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।


हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे शिवभक्तों के जत्थों से नहटौर-धामपुर और नहटौर-पैजानिया मार्ग पूरी तरह से पटे पड़े हैं। भोले के भक्तों के उत्साह के सामने कड़ाके की ठंड और लंबी पैदल यात्रा की थकान भी फीकी पड़ गई है। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान है।


शिवभक्तों की सेवा के लिए नहटौर के मुख्य चौराहों और मार्गों पर विशाल भंडारों का समाजसेवी संस्थाओ व व्यक्तिगत स्तर पर भी किया गया है। इसी क्रम मे नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी डा0 एके दक्ष भी चाँदपुर चुंगी स्थित अपने अस्पताल के बाहर ही सपरिवार शिव भक्तो की सेवा मे जुटे है। डा0 दक्ष द्वारा लगाए गए उक्त शिविर में उनकी धर्मपत्नी डा0 मनीषा  दक्ष, पुत्री गोलडिका दक्ष व माताजी फूलवती देवी के साथ ही प्रशांत कुमार, पंकज प्रजापति, पवन सैनी, मयंक सैनी, इशांत सैनी, राहुल सैनी, विकुल, राजीव कुमार अलका आदि समर्पित भाव से शिव भक्तो की सेवा मे जुटे नजर आये। इसी के साथ नूरपुर रोड पर ही सैनी समाज की ओर से भी एक विशाल शिविर लगाकर शिव भक्तो को भोजन, नाश्ता, चाय व दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। इस भंडारे मे राहुल सैनी, रवि सैनी, बिट्टू सैनी, गौरव सैनी, बाबु सैनी के साथ ही सैनी समाज के युवा शिवभक्तों की सेवा में जुटे है।


.इन सभी से अलग पैजनिया रोड स्थित बलराम कुँवर सरस्वती विद्या मंदिर परिसर मे बुलदंशहर वालो का विशाल कांवड़िया शिविर भी प्रारम्भ हो गया है। शिविर के प्रारम्भ होते ही यहाँ बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। विद्या मंदिर परिसर में शिव भक्तो के विश्राम, भोजन, नाश्ता व चिकित्सा का पूर्ण प्रबंध किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों और युवाओं द्वारा लगाए गए कई अन्य शिविरों में भी कांवड़ियों के लिए गरम भोजन, फल, चाय और हलवे का वितरण किया जा रहा है।


कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नहटौर पुलिस अलर्ट पर है। नहटौर से गुजरने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है ताकि कांवड़ियों को चलने में परेशानी न हो। कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।


नहटौर के ऐतिहासिक शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए विशेष सजावट की गई है। 15 फरवरी की सुबह से ही भक्त भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करेंगे, जिसके लिए मंदिर कमेटियों ने लंबी कतारों और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था पूरी कर ली है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या