हल्दौर/जिला बिजनौर - बारात चढ़त के दौरान नशेड़ी दूल्हे का बेतहाशा डांस पड़ा भारी, दुल्हन ने किया विदाई से इंकार, बैरंग लौटी बारात - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अप्रैल 30, 2026

हल्दौर/जिला बिजनौर - बारात चढ़त के दौरान नशेड़ी दूल्हे का बेतहाशा डांस पड़ा भारी, दुल्हन ने किया विदाई से इंकार, बैरंग लौटी बारात

https://newsindia17.com/bijnor-haldaur-drunk-groom-dance-bride-refuses-marriage-barat-returns-without-bride/
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र से दूल्हे की शराब पीने की लत और विवाह समारोह के दौरान किये गए अभद्र व्यवहार के कारण दुल्हन द्वारा ससुराल जाने से इंकार किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। सात फेरो के बाद दुल्हन द्वारा लिए गए इस फैसले ने सभी की हैरत मे डाल दिया है। दुल्हन द्वारा इंकार किये जाने के पर करीब 6 घंटे तक चली पंचायत के बाद बारात बैरंग ही वापस लौट गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती की बारात कल बुधवार को उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र से आयी थी। बारात के स्वागत और चढ़त के दौरान दूल्हा शराब के नशे में धुत था और  'बाल्रम मेरा थानेदार', 'तारों का चमकता गहना हो' जैसे गानों पर बेतहाशा और अजीबोगरीब डांस कर रहा था। दूल्हे की इस हालत को देखकर वधू पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

हंगामा बढ़ता देख गांव के संभ्रांत लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और विवाह की रस्में शुरू कराई गईं। लेकिन फेरो की रस्म पूरी होने के बाद जब दुल्हन को दूल्हे के नशे में होने और चढ़त के दौरान हुए विवाद की  जानकारी मिली उसने अपने भविष्य और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए शराबी दूल्हे के साथ विदा होने से इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद शादी की खुशियां तनाव में बदल गईं। दोनों पक्षों के बीच करीब 6 घंटे तक हाई-वोल्टेज पंचायत चली, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।

मामला बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थानाध्यक्ष हल्दौर ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दोनों पक्षों को थाने लाकर समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल बारात वापस लौट गई है।

शादी की रस्में पूरी होने के बावजूद दूल्हे की एक गलती ने पूरे परिवार को शर्मसार कर दिया। वधू पक्ष का कहना है कि जो व्यक्ति अपनी शादी के दिन ही होश में नहीं रह सकता, वह भविष्य में उनकी बेटी का ख्याल कैसे रखेगा। परिणाम स्वरूप, दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लक्सर लौटना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक दोनो पक्ष थाने मे मौजूद थे और समझौते के प्रयास किये जा रहे थे।
free counter
अभी तक पाठक संख्या