जिला रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र से निकाह के बाद आयोजित की गयी दावत (वलीमा) के दौरान दूल्हे के दोस्तों द्वारा ही हंगामा किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। हंगामे के विरोध करने पर भड़के दूल्हे के दोस्तो ने ईंट पत्थरो से हमला कर दिया। इस हमले मे दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव टांडा हुरमतनगर निवासी फिरोज आयु 25 वर्ष का निकाह कल शुक्रवार को हल्द्वानी निवासी महबिस के साथ हुआ था। निकाह के बाद दुल्हन रुखसत होकर अपनी ससुराल आ गयी थी। देर शाम फ़िरोज के घर पर वलीमे का आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में रिश्तेदार व दोस्त मौजूद थे।
इसी दौरान रात करीब साढ़े 8 बजे जश्न के माहौल के बीच दूल्हे फिरोज के कुछ दोस्त शराब के नशे मे उत्पात मचाने लगे। इन सभी ने फिरोज व उसकी दुल्हन बनकर आयी महबिस के साथ ही अभद्रता की। फिरोज द्वारा समझाए जाने पर ये सभी भड़क उठे और आपा खो बैठे। आरोपियो ने अपने कुछ अन्य दोस्तो को भी मौके पर बुला लिया और दावत के दौरान ही ईंट पत्थरो से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गयी। इस हमले मे दूल्हा बना फिरोज भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौका पाकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
उक्त हंगामे के दौरान घायल हुए फिरोज ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की है। पुलिस ने घायल हुए फिरोज को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक बिलासपुर जीत सिंह ने बताया कि वलीमा के दौरान हुए विवाद की सूचना मिली है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
