बरेली/उत्तर प्रदेश - 13 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के 2 आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस की गोली लगने पर 1 हुआ घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अप्रैल 30, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - 13 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के 2 आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस की गोली लगने पर 1 हुआ घायल

https://newsindia17.com/bareilly-up-police-encounter-two-arrested-for-gangrape-of-minor-one-injured-in-firing/

जिला बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के आरोपियो को पुलिस ने कल बुधवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी पैर मे गोली लगने पर घायल हुआ है। जिसे उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किये है।


थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया था कि गत मंगलवार को वह घरेलू सामान खरीदने बाजार गया था। इसी दौरान गांव निवासी साकिब और मनीष उसकी 13 वर्षीय पुत्री को फुसलाकर बाइक द्वारा मधु नगला मढ़ी के पास जंगल में ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को बदहवास हालत मे घर पहुंची बच्ची ने अपनी माँ को आपबीती कह सुनाई। क्योलड़िया थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की तलाश शुरू कर दी थी।


प्रभारी सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कल बुधवार रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी मधु नगला मढ़ी के पास जंगल में छिपे हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों से आत्मसमर्पण करने को कहा। पुलिस टीम को आया देख आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में एक गोली साकिब के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घायल हुए साकिब व उसके साथी मुनीश को हिरासत में ले लिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस को एक तमंचा और कारतूस के दो खोखे बरामद हुए हैं।


घायल आरोपी साकिब को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति अपनाई जा रही है। प्रभारी सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी का उपचार कराया गया है और आरोपियो को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई तेज कर दी गई है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।


इस घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या