संभल - मुरादाबाद मार्ग पर भीषण हादसा: डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, सास-बहू समेत 4 की मौत, 14 घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026

संभल - मुरादाबाद मार्ग पर भीषण हादसा: डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, सास-बहू समेत 4 की मौत, 14 घायल

www.newsindia17.com/sambhal news

आज शुक्रवार की सुबह संभल - मुरादाबाद हाईवे पर हुए हृदयविदारक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। थाना मैनाठेर क्षेत्र मे एक डंपर द्वारा ट्रैक्टर ट्राली मे पीछे से मारी गयी भीषण टक्कर मे सास -बहू व एक मासूम बच्चे समेत 4 लोगो की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना मे 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर भी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय निवासियो व मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकाला और एंबुलेंस जिला अस्पताल भिजवाया। जहाँ कुछ घायलो की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के ग्राम भटोला की निवासी उषा अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में परिवार के साथ मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम गुरेर आई हुई थीं। यहाँ उनके भाई तेज प्रकाश और सतीश के घर 'भात' का कार्यक्रम था। कल गुरुवार की रात उत्सव मनाने के बाद आज शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पूरा परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहा था।  ट्रैक्टर-ट्रॉली के असदपुर पुलिया के पास पहुंचने पर मुरादाबाद की दिशा से आ रहे मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।


इस भीषण हादसे मे शांति देवी आयु 55 वर्ष, शांति देवी की पुत्रवधू सुमन  आयु 30 वर्ष, अजीत आयु 10 वर्ष व 1 अन्य महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय निवासियो व सूचना पर पहुंची पुलिस ने मलबे मे फंसे घायलो को बाहर निकाला और उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया।


हादसे की सूचना मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने जिला अस्पताल पहुँचकर घायलों का हालचाल जाना और उचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले में लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब अपनों को खोने की चीखें सुनाई दे रही हैं।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या