फतेहगंज पश्चिमी/जिला बरेली - ससुर ने किया बहू से दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत करने पर पति ने पीटकर घर से निकाला, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026

फतेहगंज पश्चिमी/जिला बरेली - ससुर ने किया बहू से दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत करने पर पति ने पीटकर घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com/bareillynews
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि इस घटना का विरोध करने पर पति ने भी उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहतरपुर निवासी युवती का विवाह करीब 01 वर्ष पूर्व फतेहगंज पश्चिमी के ग्राम माधोपुर निवासी सोहिल पुत्र किस्मत अली के साथ हुआ था। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति सोहिल शराब पीने का आदी है। तहरीर मे बताया गया कि घटना वाले दिन वह घर पर अकेली ही थी इसी दौरान उसके ससुर किस्मत अली वहां पहुँच गए। आरोप है कि ससुर ने उसे दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ससुर वहां से चला गया, जिससे पीड़िता की आबरू बच सकी।

पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना की जानकारी तुरंत अपनी सास को दी, लेकिन उन्होंने बदनामी का हवाला देते हुए उसे चुप रहने की सलाह दी। शाम को पति सोहिल के घर आने पर पीड़िता ने उसे आपबीती सुनाई, तो वह भी पिता के बचाव में उतर आया। आरोप है कि सोहिल ने पत्नी को धमकी देते हुए कहा, "अगर इस घर में रहना है, तो पिता की बात माननी होगी।" जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो नशे में धुत पति ने उसे बेरहमी से पीटा और जबरन घर से बाहर निकाल दिया।

फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ससुर किस्मत अली और पति सोहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष फतेहगंज पश्चिमी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर ससुर और पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
 
free counter
अभी तक पाठक संख्या