नगीना/जिला बिजनौर - बदनामी और लोकलाज से डरे पिता ने ली 17 वर्षीय बेटी की जान, प्रेमी का साथ न छोड़ने पर उतारा मौत के घाट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 22, 2026

नगीना/जिला बिजनौर - बदनामी और लोकलाज से डरे पिता ने ली 17 वर्षीय बेटी की जान, प्रेमी का साथ न छोड़ने पर उतारा मौत के घाट

www.newsindia17.com
मृतका आयशा की फाइल फोटो व पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन 

जिला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र से 'ऑनर किलिंग' का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने बदनामी और लोक-लाज के डर से अपनी 17 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। किशोरी का गांव निवासी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और परिजन इसका विरोध कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बिंजाहेड़ी का निवासी नजाकत दिल्ली की एक बेकरी में काम करता है। नजाकत के परिजन यही गांव मे रहते है। बताया गया कि नजाकत की 17 वर्षीय बेटी आयशा का गांव निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नजाकत व अन्य परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे मगर आयशा जिद पर अड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले प्रेमी युवक शादी का प्रस्ताव लेकर आयशा के घर भी पहुंचा था। उस समय नजाकत ने उसे डांटकर भगा दिया था।


पुलिस द्वारा की गयी प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि नजाकत को कुछ समय पहले ही आयशा के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई थी। मामला संज्ञान मे आने पर नजाकत ने आयशा के साथ मारपीट करते हुए युवक से बात न करने की चेतावनी दी थी। इस सबके बाद भी आयशा ने पीछे हटने से इनकार कर दिया था और लगातार युवक से सम्पर्क बनाये हुए थी। आज बुधवार को इसी बात को लेकर फिर से विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आपा खोए पिता ने अपनी ही बेटी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।


उक्त घटनाक्रम का पता तब चला जब किसी ने डायल 112 को सूचना दी कि गांव बिंजाहेड़ी में नजाकत अपनी बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस को आयशा का शव घर के अंदर पड़ा मिला। मृतका अपने छह भाई-बहनों (एक भाई, पांच बहनें) में सबसे बड़ी थी।


सीओ नगीना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला स्पष्ट रूप से प्रेम प्रसंग के चलते 'ऑनर किलिंग' का लग रहा है। पिता ने स्वीकार किया है कि उसने बेइज्जती के डर से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। गांव में इस घटना के बाद से तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या