नहटौर/जिला बिजनौर - अवैध सम्बन्धो मे बाधा बन रही पत्नी को मारपीट कर घर से निकाला, दी जान से मारने की धमकी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अप्रैल 29, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - अवैध सम्बन्धो मे बाधा बन रही पत्नी को मारपीट कर घर से निकाला, दी जान से मारने की धमकी

 
सरकार व शासन द्वारा नारी सुरक्षा के तमाम दावे किये जाने के बावजूद भी महिलाओं के प्रति हो रही क्रूरता की घटनाओ मे कोई विशेष कमी नही आ सकी है। ऐसा ही एक मामला जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहाँ पति ने अवैध सम्बन्धो में बाधा बन रही पत्नी को बेरहमी से पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पुठ्ठा पुट्ठी निवासी लक्ष्मी देवी पुत्री स्व. घनश्याम सिंह का विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व ग्राम सिजौली निवासी संजीव कुमार पुत्र रामकुमार के साथ हुआ था। आज बुधवार को थाने पहुंची पीड़िता लक्ष्मी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति संजीव का गांव निवासी एक महिला के साथ लंबे समय से अवैध संबंध हैं। आरोप है कि इन अवैध संबंधों का विरोध करने पर संजीव उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। पीड़िता का कहना है कि वह बच्चों और परिवार की खातिर लंबे समय से इन अत्याचारों को चुपचाप सहन करती आ रही थी, लेकिन अब संजीव उस पर घर छोड़कर जाने का लगातार दबाव बना रहा है।

पीड़िता ने बताया कि आज बुधवार की सुबह पति पत्नी के बीच इसी को लेकर फिर से विवाद हुआ था। इसी  विवाद के दौरान संजीव ने आपा खो दिया और लक्ष्मी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। संजीव ने क्रूरता की हद पार करते हुए जलती हुई लकड़ी से लक्ष्मी से हमला कर दिया, जिससे वह झुलस गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पीड़िता को संजीव के चंगुल से छुड़ाया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रभारी निरीक्षक रविंद्र  प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
free web counter
 अभी तक पाठक संख्या