जिला रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान नॉनवेज (मांसाहार) खाना न मिलने पर खूनी संघर्ष होने का मामला प्रकाश मे आया है। कल रविवार को आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम मे हुआ ये विवाद आज सोमवार की दोपहर तक जारी रहा। इस विवाद के दौरान हुए पथराव व मारपीट मे एक महिला और बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस विवाद के चलते आज सोमवार की सुबह जाने वाली बारात भी घंटो तक बंधक बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार को कोतवाली क्षेत्र के गाँव गंगापुर शर्की निवासी सचिन पुत्र राजपाल का लग्न समारोह था। इस दौरान आने वाले मेहमानो के लिए विशेष रूप से नॉनवेज (मांसाहार) खाने की व्यवस्था की गयी थी। देर रात करीब 8 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अधिकांश मेहमान खाना खाकर जा चुके थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण दावत खाने आये और नॉनवेज की मांग की। आयोजको द्वारा नॉनवेज खाना खत्म होने की बात कहने पर ग्रामीण भड़क उठे और गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते ये विवाद बढ़ गया और ग्रामीणो ने लाठी डंडो से हमला और पथराव शुरू कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में गौतम, मूंगा देवी, ज्ञानपाल और प्रेमपाल घायल हो गए। घायलों ने तत्काल मिलक कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा।
इसके सबके बाद भी ये तनाव समाप्त नही हुआ। आज सोमवार सुबह जब दूल्हा पक्ष बारात ले जाने की तैयारी कर रहा था, दबंगों ने दोबारा पथराव कर दिया। पथराव और दहशत के कारण बारात दोपहर तक घर के अंदर ही कैद रही। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के कड़े हस्तक्षेप के बाद दोपहर करीब 2 बजे बारात रेवड़ी कला गांव के लिए रवाना हो सकी।
मिलक पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन एहतियातन निगरानी रखी जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

