![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जिला मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र मे आज शनिवार को एक अनोखा निकाह संपन्न हुआ। जिस युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी और परिजन तैयारियो मे जुटे थे। उसी युवती ने अपनी जिद के आगे परिजनों और समाज को झुका दिया। गुरुवार रात आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए प्रेमी युगल को आज शनिवार को पंचायत के फैसले के बाद निकाह के बंधन में बांध दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के शरीफ नगर-सुरजन नगर रोड स्थित एक गांव निवासी युवती का अपने ही गांव के एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। इस सबसे छुटकारा पाने को परिजनों ने युवती की शादी किसी अन्य युवक के साथ तय कर दी थी और लगभग 25 दिन बाद बारात आनी तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इसी बीच गत गुरुवार की रात प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। घर वालों को इसकी भनक लग गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और युवक की जमकर धुनाई कर दी गई। गांव में यह बात आग की तरह फैल गई और मामले ने तूल पकड़ लिया।
मामला पुलिस तक पहुँचने के बजाय गांव की पंचायत के पास पहुँचा। पंचायत के दौरान युवती के परिजनों ने पहले इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया, लेकिन युवती अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई। उसने साफ कह दिया कि वह शादी करेगी तो सिर्फ इसी युवक से।
आज शनिवार को फिर से गांव में गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत बैठी। दोनों पक्षों को सुनने और युवती के अडिग फैसले को देखते हुए पंचायत ने दोनों के निकाह का फैसला सुनाया। पंचायत के फैसले के बाद शनिवार दोपहर को दोनों का निकाह पढ़वा दिया गया। जिस घर से किसी और के नाम की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब प्रेमी जोड़े को दुआएं दी जा रही हैं। हालांकि यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि युवती की जिद ने न केवल एक टूटने वाले रिश्ते को बचा लिया, बल्कि एक बड़ी अनहोनी को भी टाल दिया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

