उत्तर प्रदेश के जिला बरेली जिले से मेट्रोमोनियल साइट पर दोस्ती कर एक शिक्षिका के साथ बड़ी धोखाधड़ी किये जाने का मामला सामने आया है। उत्तराखंड के काशीपुर निवासी एक युवक ने खुद को पुलिस का दरोगा बताकर शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसाया, फर्जी शादी रचाई और बहाने बनाकर साढ़े 22 लाख रूपये ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाना बारादरी में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित शिक्षिका ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि मेट्रोमोनियल साइट के माध्यम से उसकी जान-पहचान उत्तराखंड के काशीपुर निवासी रितिक कंबोज से हुई थी। रितिक ने खुद को पुलिस में दरोगा बताया और शादी का प्रस्ताव रखा। बताया गया कि रितिक ने कुछ ही समय की जान पहचान मे महिला शिक्षिका को अपने प्रेम जाल मे फंसा लिया। महिला का विश्वास जीतने के बाद रितिक ने काशीपुर ने मकान खरीदने के लिए उससे 20 लाख रूपये की मांग की। पीड़िता ने बताया कि गत 25 फरवरी को रितिक बरेली आया और शिक्षिका को बैंक ले जाकर उनके खाते से 10 लाख रुपये निकलवा लिए। उसी दिन आरोपी पीड़िता को गाजियाबाद लेकर गया और आर्य समाज मंदिर में शादी रचाकर वापस बरेली छोड़ गया।
ठगी का यह मामला यही नही रुका। अगले दिन 26 फरवरी को आरोपी ने मकान की रजिस्ट्री के लिए महिला शिक्षिका से फिर 10 लाख रुपए की मांग की। महिला शिक्षिका ने कहा कि मकान की रजिस्ट्री उसके नाम पर करानी होगी। जिस पर आरोपी ने सहमति दे दी। इसके बाद महिला शिक्षिका ने 10 लाख रूपये उसके बताये खाते मे आरटीजीएस से भेज दिए। इस सबके बाद एक फिर आरोपी ने चाचा द्वारा प्लांट लगाए जाने व बीमारी का बहाना बनाकर महिला से ढाई लाख रूपये और ठग लिए।
आरोप है कि साढ़े 22 लाख की रकम लेने के बाद रितिक ने महिला शिक्षिका का फोन उठाना बंद कर दिया और टालमटोल शुरू कर दी। शक होने पर महिला शिक्षिका द्वारा की गयी जाँच में पता लगा कि रितिक पहले से शादीशुदा है और उसने खुद को दरोगा बताकर ठगी की है। आरोप है कि रितिक अवैध पिस्तौल रखता है और शिकायत करने पर शिक्षिका को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
थाना प्रभारी बारादरी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर के आधार पर आरोपी रितिक कंबोज के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

