जिला बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र मे संदिग्ध परिस्तिथियो मे हुई नव विवाहिता की मौत के पर मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता की गला दबाकर हत्या की गयी है। मृतका के मायके पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति और देवर को हिरासत मे ले लिया है। अन्य आरोपी अभी फरार है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शालिनी आयु 24 वर्ष निवासी सिटी सब्जी मंडी, थाना क्षेत्र कोतवाली की शादी गत 19 फरवरी को अक्षय निवासी नेकपुर, थाना क्षेत्र सुभाषनगर के साथ हुई थी। शालिनी के माता -पिता की पहले ही मौत हो जाने के कारण उसके भाई शालू ने बहन के हाथ पीले किये थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अक्ष, सास गीता, देवर अमन, जेठ आकाश और जेठानी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया था।
मायके पक्ष वालो के अनुसार ससुराल पक्ष द्वारा शालिनी पर 15 लाख रूपये नकद या थार व स्कॉर्पियो जैसी महंगी कार लाने का दबाब बनाया जा रहा था। इस मांग के पूरी न होने पर शालिनी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। आरोप है कि शालिनी पर नजर रखने के लिए ससुराल वालो ने बैडरूम व बाथरूम तक में कैमरे लगवा दिए थे।
आरोप है कि इसी सबके चलते पति अक्षय, देवर अमन, सास गीता व जेठ, जेठानी ने बीती रात शालिनी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके वालो को शालिनी का शव जमीन पर पड़ा मिला। परिजनो ने चीखते हुए ससुराल पक्ष पर शालिनी की हत्या किये जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर शालिनी की हत्या की गयी है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सुभाषनगर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थाना प्रभारी सुभाषनगर ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, देवर, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति अक्षय और देवर अमन को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

