मुरादाबाद - युवक की गोली मारकर हत्या, साक्ष्य मिटाने को किया शव जलाने का प्रयास, परिजनों ने किया हंगामा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जून 20, 2024

मुरादाबाद - युवक की गोली मारकर हत्या, साक्ष्य मिटाने को किया शव जलाने का प्रयास, परिजनों ने किया हंगामा

www.newsindia17.com
हंगामा करते परिजन व मृतक की फाइल फोटो 
कल बुधवार की देर रात काम से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। आज गुरुवार की सुबह शव पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगो से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। इसी दौरान मृतक के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। युवक की हत्या पर आक्रोशित परिजनों ने मंडी चौक के गेट पर जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर सीओ सिविल लाइन व कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। पुलिस ने परिजनों को किसी प्रकार शांत कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस मामले में युवक के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना मझोला क्षेत्र के पीतम नगर निवासी सीताराम ने बताया कि उनका पुत्र कौशल आयु 25 वर्ष हलवाई का काम करता था। कल बुधवार की रात वह एक कार्यक्रम से खाना बनाकर वापस आ रहा था। इसी दौरान घर के आसपास उसकी हत्या कर दी गयी। रात परिजनों को इस बारे में पता नहीं लग सका था। आज सुबह कुछ लोगो द्वारा सड़क किनारे शव पड़ा मिलने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे।

पुलिस द्वारा की गयी शुरूआती जांच में पता लगा है कि हमलावरों ने पहले कौशल के सिर पर पीछे से किसी रॉड से वार किया और बाद में गोली मार दी। हमलावरों ने साक्ष्य मिटाने हेतु शव को जलाने का भी प्रयास किया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए है। इस मामले पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अजय उर्फ़ प्रमोद, सुनील, राजकुमार व अनिल निवासी पीतम नगर, थाना मझोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता ने बताया कि कौशल का कुछ दिनों पूर्व इन लोगो से झगड़ा हुआ था। इस दौरान इन सभी ने कौशल को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज जुटाने में लगी है।   
visitor counter
अभी तक पाठक संख्या