स्वार/जिला रामपुर - संदिग्ध परिस्तिथियो मे फाँसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव. मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, फ़रवरी 16, 2026

स्वार/जिला रामपुर - संदिग्ध परिस्तिथियो मे फाँसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव. मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

www.newsindia17.com
मृतका मुमताज जहाँ की फाइल फोटो 
जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र मे आज सोमवार की दोपहर एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्तिथियो मे फाँसी के फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही विवाहिता के मायके पक्ष में भी कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष वालो ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीमनगर थाना क्षेत्र के कुचेटा गांव निवासी जलील अहमद की पुत्री मुमताज़ जहां का निकाह पिछले वर्ष अप्रैल में कस्बा स्वार के मोहल्ला चक निवासी जुनैद के साथ हुआ था। जुनैद पेशे से वेल्डिंग कारीगर है। बताया जा रहा है कि इस समय मुमताज़ चार माह की गर्भवती थी। घर में करीब एक माह पूर्व ससुर के निधन के बाद से ही माहौल गमगीन और तनावपूर्ण चल रहा था। आज सोमवार की दोपहर मुमताज़ का भाई और अन्य रिश्तेदार उससे मिलने ससुराल पहुंचे थे। काफी देर तक मुमताज के सामने न आने पर इन सभी ने उसके बारे मे पूछताछ की। इस पर ससुराल वालों ने कहा कि वह अपने कमरे में सो रही है। मुमताज के कमरे मे पहुंचा उसका भाई वहां नजारा देख चीख पड़ा। कमरे मे मुमताज़ का शव दुपट्टे के सहारे छत के पंखे से लटका हुआ था। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

सीओ अतुल कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष के आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पति जुनैद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
free web counter
अभी तक पाठक संख्या