जिला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ शादी की जिद पर अड़ी युवती ने अपने प्रेमी के घर जाकर जहर खा लिया। इस घटना से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में युवती को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जीवन और मौत के बीच जूझ रही है। पीड़िता की मां ने मोहल्ले के ही एक युवक पर युवती की अश्लील वीडियो बनाकर पिछले दो साल से ब्लैकमेल करने और शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने बताया कि उनके मोहल्ले का ही एक युवक उनकी बेटी को पिछले दो वर्षों से प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि युवक ने युवती की कुछ अश्लील वीडियो बना ली थीं, जिन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इस दौरान आरोपी ने युवती से न केवल मोटी रकम ऐंठी, बल्कि डरा-धमकाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण भी करता रहा।
उक्त घटना कल 16 फरवरी देर रात की है। पीड़िता की माँ के अनुसार आरोपी युवक ने युवती को फोन करके अपने घर बुलाया था। वहां युवती ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी अपनी बात से मुकर गया। पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात करने पर आरोपी ने उसके साथ फिर से जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इस अपमान और प्रताड़ना से आहत होकर युवती ने आरोपी के घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। पीड़िता की माँ द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया है कि आरोपी युवक ने मेरी बेटी को पिछले दो साल से नर्क जैसी जिंदगी जीने पर मजबूर कर दिया था। आरोपी ने उसका वीडियो बनाया, पैसे वसूले और अब जब उसने शादी की बात की, तो उसे मरने पर मजबूर कर दिया। हमें बस न्याय चाहिए।
किरतपुर पुलिस ने पीड़िता की माँ द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरु कर दी है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश मे दबिश दे रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

