![]() |
| हादसे मे क्षतिग्रस्त बस व मृतको की फाइल फोटो |
बदायूं-मेरठ हाईवे पर आज शनिवार की सुबह मौत का तांडव देखने को मिला। यहाँ उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जिरौलिया के समीप बरातियों से भरी एक निजी बस और बदायूं डिपो की रोडवेज बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 03 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बरेली रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र स्थित गांव नगला भम्मा निवासी प्रेमपाल के बेटे राजवीर की बारात शनिवार को शाहजहांपुर के बारह कलां गई थी। सुबह करीब 5 बजे खुशियों से सराबोर बाराती निजी बस से वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस इनकी बस उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निजी बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार इस भीषण दुर्घटना मे मृतकों की पहचान योगेश आयु 32 वर्ष पुत्र संजय, निवासी इशेपुर, कासगंज, सोनू आयु 21 वर्ष पुत्र अशोक, निवासी बीवी सलेमपुरम कासंगज व किशन आयु 14 वर्ष पुत्र रमेश, निवासी वार्ड संख्या 5 कछला, जिला बदायूं के रूप मे हुई है। इस हादसे मे जीतू, वासु, सुरेश, मुरारी लाल, अभिषेक समेत 12 लोग घायल हुए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद मुन्नालाल, सत्यवीर, निछत्र पाल और राम सुशील की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बसों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
